NATIONAL

कौन हैं टाटा ट्रस्ट के नए चेयरमैन Noel Tata, कितनी है संपत्ति

6views

नोएल टाटा  को 11 अक्टूबर को टाटा समूह की लोकोपकारी शाखा टाटा ट्रस्ट्स के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया। नोएल अपने सौतेले भाई रतन टाटा का स्थान लेंगे।नोएल अपने पिता नवल टाटा की दूसरी पत्नी के बेटे हैं। वह पहले से ही सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट बोर्ड और सर रतन टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं। नोएल टाटा का जन्म 28 दिसंबर 1957 में हुआ था। इस समय वह 67 वर्ष  के हैं। उनकी नेटवर्थ 12,455 करोड़ रुपये  की है।

शैक्षिक योग्यता

नोएल के पास ससेक्स यूनिवर्सिटी  से डिग्री है और उन्होंने बिजनेस स्कूल इनसीड (INSEAD) में अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी कार्यक्रम (IEP) पूरा किया है। टाटा समूह में शामिल होने से पहले, उन्होंने यूके में नेस्ले के साथ काम किया।

नवल और सिमोना टाटा के बेटे हैं नोएल

नोएल नवल और सिमोन टाटा के बेटे हैं। नोएल टाटा का विवाह दिवंगत पालोनजी  मिस्त्री की बेटी आलू मिस्त्री  से हुआ है, जो कभी टाटा संस के सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक थे। इस विवाह के जरिए नोएल टाटा एक और बड़े व्यापारिक परिवार मिस्त्री के साथ जुड़ गए। नोएल और आलू के तीन बच्चे हैं- माया  नेविल और लिआ  जो धीरे-धीरे टाटा समूह के कामकाज में हाथ बंटाना सीख रहे हैं और परिवार की विरासत को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।

नोएल और आलू के हैं तीन बच्चे

नोएल की 39 वर्षीय बेटी लिआ (Leah Tata) टाटा एजुकेशन ट्रस्ट, टाटा सोशल वेलफेयर ट्रस्ट और सार्वजनिक ट्रस्ट में कार्यरत हैं। उनकी दूसरी बेटी 36 वर्षीय माया (Maya Tata) आरडी टाटा ट्रस्ट के साथ-साथ टाटा एजुकेशन ट्रस्ट और सार्वजनिक ट्रस्ट में कार्यरत हैं जबकि 32 वर्षीय बेटे नेविल (Neville Tata) को टाटा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स (टीआईआईएस) के बोर्ड में नामित किया गया था।

Noel के पास पहले से क्या हैं जिम्मेदारियां

वर्तमान में नोएल घड़ी निर्माता टाइटन (Titan) और टाटा स्टील के उपाध्यक्ष हैं। वह टाटा समूह की खुदरा कंपनी ट्रेंट (ज़ूडियो और वेस्टसाइड के मालिक) और इसकी एनबीएफसी फर्म टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्प के अध्यक्ष भी हैं। नोएल वोल्टास के बोर्ड में भी कार्यरत हैं। वह टाटा इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक भी हैं। नोएल ने टाटा ग्रुप के साथ यहीं से अपना करियर शुरू किया था। नोएल को जब 2010-11 में नियुक्त किया गया था तब यह अटकलें शुरू हो गईं थीं कि उनको टाटा समूह के प्रमुख के रूप में रतन टाटा के उत्तराधिकारी के रूप में तैयार किया जा रहा है।